आगरा। लगभग दो दशक बाद जयपुर हाउस में पुनः वर्षायोग प्रारंभ होने से जैन समाज में उत्साह का वातावरण रहा। महाराजा अग्रसेन भवन, लोहामंडी में आयोजित समारोह में मरसलगंज गौरव, अंकलीकर परम्पराचार्य आचार्य श्री 108 सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ एवं स्थविर संत श्री सुरत्न सागराचार्य जी महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में चातुर्मास मंगल कलश स्थापना एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ।

ध्वजारोहण एवं भव्य शोभायात्रा

समारोह का शुभारंभ पंडित राकेश जैन शास्त्री के निर्देशन में रविन्द्र जैन, सीमा जैन एवं नमन जैन परिवार द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इसके पश्चात आचार्यश्री ससंघ की श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, टीचर्स कॉलोनी से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने जयघोष, पुष्पवर्षा एवं मंगलगान से उनका स्वागत किया।

धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

समारोह में समाधि सम्राट आचार्य श्री सन्मति सागर जी महाराज के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। विभिन्न संस्थाओं ने श्रीफल अर्पित कर मंगलकामनाएँ व्यक्त कीं। सियोना जैन एवं दिव्याना जैन ने भक्ति नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि क्षमा मैत्री समूह, स्वास्तिक महिला मंडल एवं शांतिनाथ महिला मंडल ने भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना दिया।

मंगल कलश एवं पाद प्रक्षालन

नीरज जैन जिनवाणी, मयंक जैन (डॉक्टर सोप) एवं विमल जैन (टाटा परिवार) ने चातुर्मास मंगल कलश प्राप्त किए। अनेक श्रद्धालुओं ने आचार्यश्री के पावन चरणों का प्रक्षालन कर शास्त्र भेंट किए। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने संगीतमय वातावरण में गुरु पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

आचार्यश्री का प्रेरणादायी संदेश

धर्मसभा में आचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज ने कहा कि चातुर्मास आत्मशुद्धि, संयम, तप, स्वाध्याय और धर्म साधना का अनुपम पर्व है। उन्होंने कहा कि क्रोध, मान, माया और लोभ जैसे विकारों का त्याग कर सेवा, दया, अहिंसा और सदाचार को जीवन का आधार बनाना चाहिए। गुरु का सान्निध्य व्यक्ति को श्रेष्ठ संस्कार प्रदान करता है तथा चातुर्मास आत्मकल्याण का स्वर्णिम अवसर है।

आयोजन में रही व्यापक सहभागिता

कार्यक्रम का संचालन दीपक जैन (मसाले वाले) ने किया। आयोजन को सफल बनाने में श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर समिति एवं तपस्वी सम्राट वर्षायोग समिति का विशेष योगदान रहा। समारोह में अध्यक्ष राकेश जैन, मंत्री दीपक जैन, विनोद रांवका, सुबोध जैन, नीरज जैन जिनवाणी, पंकज जैन, मनोज जैन, बॉबी जैन, राहुल जैन, अभिषेक जैन, अमित सेठिया, रॉबिन जैन, भूषण जैन, जगदीश प्रसाद जैन, सुनील जैन, मनीष जैन, जितेंद्र जैन, विमल जैन, मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।